दीपावली का त्योहार करीब आते ही शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार नगर परिषद सिर्फ बाजारों में रोशनी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे शहर को एक थीम के साथ सजाने की योजना बनाई गई है। शहर में प्रवेश करते ही लोगों का स्वागत आकर्षक स्वागत द्वारों से होगा। प्रमुख चौराहों, पुलियों, डिवाइडरों और मुख्य मार्गों पर नई तरह की लाइटिंग की जाएगी। कई जगह ऐसे सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें ले सकेंगे। सुभाष चौक पर बड़ा मंच तैयार होगा और एलईडी वॉल वाला विशेष गेट भी बनाया जाएगा। शहर की सजावट इस तरह होगी कि दीपावली के दौरान बाहर से आने वाले लोगों के साथ स्थानीय लोगों को भी हर प्रमुख स्थान पर त्योहार का अलग ही माहौल नजर आए। पूरे शहर को एक जैसी थीम पर सजाने की तैयारी नगर परिषद के आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि नगर परिषद इस बार सजावट को अलग-अलग हिस्सों में नहीं, बल्कि पूरे शहर को जोड़ते हुए एक जैसी थीम पर तैयार कर रही है। चंदेरिया से लेकर चमत्कारी सांवलिया सेठ मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग तक विशेष लाइटिंग की जाएगी। बीच में आने वाले डिवाइडर, प्रमुख सर्किल और सड़क किनारे के हिस्सों को मिनिएचर एलईडी लाइट और पिक्सेल डेकोरेशन से सजाया जाएगा। उद्देश्य यह है कि एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाते समय लोगों को लगातार त्योहार जैसा माहौल महसूस हो। शहर के जिन स्थानों पर हर साल सामान्य लाइटिंग होती थी, वहां इस बार डिजाइन में बदलाव किया जा रहा है ताकि सजावट पहले से ज्यादा आकर्षक दिखाई दे। करीब 20 स्वागत द्वार, शहर में प्रवेश करते ही दिखेगी दीपावली की झलक उन्होंने बताया कि इस बार शहर में करीब 20 स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। इनमें सुभाष चौक, चंदेरिया, चमत्कारी सांवलिया सेठ मंदिर मार्ग और शहर के अन्य प्रमुख प्रवेश मार्ग शामिल रहेंगे। कुछ स्वागत द्वार नदी के आसपास और मुख्य सड़कों पर भी बनाए जाएंगे। इन गेटों पर आकर्षक लाइटिंग के साथ फूलों और धार्मिक थीम का उपयोग किया जाएगा। दीपावली पर शहर में आने वाले लोगों का स्वागत इन्हीं द्वारों से होगा। परिषद का मानना है कि इससे शहर की पहली छवि पहले से ज्यादा आकर्षक बनेगी। सुभाष चौक बनेगा मुख्य आकर्षण, LED वॉल पर चलेंगे शुभकामना संदेश इस बार सुभाष चौक को दीपावली की सजावट का मुख्य केंद्र बनाया जा रहा है। यहां बड़ा मंच तैयार किया जाएगा। इसके साथ एलईडी वॉल वाला विशेष प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। एलईडी स्क्रीन पर दीपावली की शुभकामनाएं, धार्मिक संदेश और त्योहार से जुड़े स्लोगन लगातार चलते रहेंगे। आसपास की सजावट भी इसी थीम के अनुसार की जाएगी ताकि शाम के समय पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमग दिखाई दे। यहां बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए सजावट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नई और पुरानी पुलिया पर पहली बार अलग तरह की लाइटिंग इस बार नई और पुरानी दोनों पुलियों की सजावट में भी बदलाव किया जा रहा है। पुलियों पर अंब्रेला स्टाइल लाइटिंग लगाई जा रही हैं। इन सजावटी अंब्रेला पर भी रोशनी रहेगी, जिससे रात के समय पूरा क्षेत्र अलग दिखाई देगा। इसके अलावा नगर परिषद कार्यालय के सामने स्थित ब्रिज को हैंगिंग ब्रिज जैसी सजावट देने की तैयारी की जा रही हैं। पहले यहां सामान्य जालीनुमा लाइटिंग होती थी, लेकिन इस बार ऊंचाई, डिजाइन और लाइटिंग पैटर्न में बदलाव किया जा रहा है। इससे पूरे मार्ग का दृश्य पहले की तुलना में ज्यादा आकर्षक होगा। सेल्फी पॉइंट और धार्मिक थीम पर रहेगा खास फोकस दीपावली के दौरान शहर में करीब 10 सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर फूलों की सजावट, रंग-बिरंगी लाइटिंग और धार्मिक थीम का उपयोग किया जाएगा। पिछले सालों की तरह इस बार भी कुछ स्थानों पर धार्मिक प्रतीकों और मंदिरों से जुड़ी झलक देखने को मिल सकती है। लोगों को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्थान चुने जा रहे हैं, जहां परिवार और पर्यटक आसानी से रुककर फोटो ले सकें। परिषद का प्रयास है कि दीपावली की सजावट केवल देखने तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के लिए यादगार अनुभव भी बने। साइन बोर्ड और प्रमुख चौराहों को भी मिलेगा नया रूप शहर के प्रमुख साइन बोर्ड और दिशा बताने वाले बोर्ड भी इस बार सजावट का हिस्सा होंगे। इन पर विशेष लाइट फ्रेम लगाए जाएंगे। कुछ स्थानों पर धार्मिक प्रतीकों की आकृति वाली फ्रेम भी लगाई जाएंगी। कलेक्ट्रेट चौराहे सहित शहर के मुख्य मार्गों पर स्थित साइन बोर्डों को नई डिजाइन में तैयार किया जाएगा। इसके अलावा प्रमुख गोल प्याऊ चौराहे पर गजिबो भी बनाए जाएंगे, जिससे इन स्थानों की सुंदरता और बढ़ेगी। यह लाइटिंग पूरे 5 दिनों तक के लिए होगी। परिषद का मानना है कि छोटी-छोटी जगहों को सजाने से पूरे शहर का लुक बदल जाएगा। अलग-अलग एजेंसियों को दी गई जिम्मेदारी, लागत का अनुमान जल्द नगर परिषद ने सजावट के अलग-अलग काम अलग एजेंसियों को सौंपे हैं। लाइटिंग का काम भीलवाड़ा की दीवाना शाह लाइट डेकोरेशन एंड साउंड को दिया गया है। मुख्य मंच भारत टेंट हाउस तैयार करेगा। स्वागत द्वारों का निर्माण सांवरिया टेंट और कुछ स्थानों पर आनंद टेंट हाउस करेगा। प्रमुख गोल प्याऊ पर गजिबो लगाने का काम न्याति टेंट हाउस को दिया गया है। नगर परिषद आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि दीपावली से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। लाइटिंग और सजावट का काम समय पर पूरा हो, इसलिए एजेंसियों को पहले ही काम शुरू करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि अभी पूरे काम की लागत का अंतिम अनुमान तैयार किया जा रहा है। एस्टीमेट मिलने के बाद कुल खर्च तय होगा, लेकिन कोशिश यही है कि इस बार शहर की दीपावली पिछले सालों की तुलना में अधिक आकर्षक और यादगार बने।