चित्तौड़गढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव का असर अब पर्यटन पर भी दिखने लगा है। शुक्रवार को चली ठंडी हवाओं के बाद शनिवार को चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर पर्यटकों की अच्छी आवाजाही रही। आम दिनों की तुलना में दुर्ग पर ज्यादा लोग नजर आए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा परिवार के साथ घूमने पहुंचे। मध्य प्रदेश से आए पर्यटक भी दुर्ग की ऐतिहासिक इमारतों और दर्शनीय स्थलों को देखते नजर आए। पर्यटक अलग-अलग जगहों पर घूमते, फोटो खिंचवाते और परिवार के साथ समय बिताते दिखे। दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण इन दिनों लोग तैयारियों में व्यस्त हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या अभी सीमित है। इसके बावजूद शनिवार को दुर्ग पर अच्छी रौनक देखने को मिली। मौसम सुहावना होने से लोगों ने भी घूमने का आनंद लिया। दीपावली के बाद बढ़ेगी पर्यटकों की संख्या दुर्ग पर काम करने वाले गाइड त्रिलोक सालवी ने बताया कि अभी दीपावली से पहले का समय है। इस कारण बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या कम है। फिलहाल स्थानीय लोग और आसपास के क्षेत्रों से युवा दुर्ग घूमने पहुंच रहे हैं। दीपावली के बाद छुट्टियां शुरू होने पर गुजरात सहित दूसरे राज्यों से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। हर साल सर्दियों की शुरुआत के साथ चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगती है। नवंबर से जनवरी तक यहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। हल्की ठंड में ऐतिहासिक स्थलों को घूमना आसान रहता है। इसलिए परिवार और दोस्तों के साथ आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ जाती है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद मौसम इसी तरह सुहावना बना रहा तो आने वाले दिनों में दुर्ग पर पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। इससे होटल, गाइड, स्थानीय दुकानदार और पर्यटन से जुड़े दूसरे कारोबारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। शनिवार को दुर्ग पर दिखी रौनक को आने वाले पर्यटन सीजन की अच्छी शुरुआत माना जा रहा है।