चूरू के पंखा सर्किल पर कार सीज करने की कार्रवाई के दौरान ड्राइवर जावेद पुलिसकर्मी से उलझ गया। पुलिस ने उसे शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस के अनुसार, टीम शहर में गश्त कर रही थी। इस दौरान पंखा सर्किल पर जावेद, निवासी वार्ड संख्या 14, आथूना मोहल्ला, एक पुलिसकर्मी से उलझता मिला। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जावेद से कार के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा के तहत कार सीज कर दी। कार सीज करने की कार्रवाई से नाराज जावेद ने पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी दी। समझाने के बाद भी वह झगड़े पर उतारू रहा। इसके बाद एसआई मोहर सिंह ने पुलिसकर्मियों की मदद से उसे बीएनएसएस की धारा के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार थाने में खड़ी करवाई और जावेद को एसडीएम कोर्ट में पेश किया।