चूरू जिले में पंचायत राज चुनाव के चौथे चरण के लिए 6 पंचायत समितियों में लोक सूचना जारी हुई है। पहले दिन शनिवार को पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 4 नामांकन मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने बताया कि सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू और चूरू उत्तर (मुख्यालय चूरू) पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम चुनावी खर्च की सीमा तय की गई है। पंचायत समिति सदस्य के लिए यह सीमा 1.50 लाख रुपए और सरपंच के लिए 1 लाख रुपए है। 5 को नामांकन पत्रों की होगी जांच उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एडीएम अर्पिता सोनी ने बताया कि पहले दिन सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू उत्तर और चूरू के लिए कुल 4 नामांकन मिले। सुजानगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 12 से कांग्रेस के गणपत राम ने नामांकन किया। तारानगर पूर्व के वार्ड 15 से निर्दलीय विनोद कुमार और चंद्रभान ने पर्चा भरा। रतनगढ़ के वार्ड 22 से निर्दलीय मैनपाल सिंह ने नामांकन किया। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा होंगे। 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची जारी होगी।