दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार रात 12 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। रामसिंहपुरा गांव के पास आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकराने के बाद ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। हादसे में ड्राइवर रोहित मीणा (24) केबिन में ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। आग बुझाने के बाद पुलिस और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने करीब 1 घंटे की मशक्कत कर शव को बाहर निकाला। शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा। मोरबी से टाइल्स लेकर बनारस जा रहा था ट्रेलर पुलिस के अनुसार, ट्रेलर गुजरात के मोरबी से टाइल्स भरकर बनास जा रहा था। रामसिंहपुरा गांव के पास ट्रेलर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद केबिन में आग लग गई। ड्राइवर रोहित को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह केबिन में फंस गया। सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाई। इसके बाद पुलिस और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद रोहित के शव को केबिन से बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएनए जांच के बाद होगा पोस्टमार्टम हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बचाव कार्य पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटवाया गया और यातायात सुचारू करवाया गया। सदर थाना पुलिस के ड्यूटी ऑफिसर संतलाल ने बताया कि मृतक की पहचान रोहित पुत्र रमेश चंद्र मीणा, निवासी टोकरवास, देवली (टोंक) के रूप में हुई है। शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था रोहित रोहित तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता रमेश चंद्र मीणा हैदराबाद में मजदूरी करते हैं। रोहित की एक छोटी बहन और एक छोटा भाई दीपक है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। रोहित की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।