दौसा की 221 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए बुधवार, 4 नवंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में जिले की 8 पंचायत समितियों की इन ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2,107 वार्डों में पंच पदों के लिए चुनाव होगा। मतदान 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतपत्र के जरिए कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने बताया- पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 8 बजे से 11 बजे तक रहेगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 8 पंचायत समितियों की 221 ग्राम पंचायतों में चुनाव तीसरे चरण में दौसा पंचायत समिति की 37 ग्राम पंचायतों के 347 वार्डों, लालसोट की 30 ग्राम पंचायतों के 318 वार्डों, लवाण की 16 ग्राम पंचायतों के 130 वार्डों और नांगल राजावतान की 28 ग्राम पंचायतों के 266 वार्डों में चुनाव होंगे। इसी तरह रामगढ़ पचवारा की 34 ग्राम पंचायतों के 282 वार्डों, शिवसिंहपुरा की 19 ग्राम पंचायतों के 161 वार्डों, सिकन्दरा की 30 ग्राम पंचायतों के 300 वार्डों और सिकराय की 27 ग्राम पंचायतों के 303 वार्डों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। सभी जगह 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।