दौसा में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में 24 जिला परिषद वार्ड और 8 पंचायत समिति की 142 सीटों लिए कल वोटिंग होगी। जिले में कई सीटों पर रोचक और हाईप्रोफाइल मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। सिकराय से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां और दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी भी जिला परिषद वार्ड से मैदान में हैं, जहां उनके सामने त्रिकोणीय मुकाबला है। इसके अलावा IAS अधिकारी की पत्नी सिकंदरा पंचायत समिति से सदस्य और पूर्व विधायक का बेटा नांगल राजावतान पंचायत समिति से सदस्य बनने के लिए चुनाव लड़ रहा है। इन मुकाबलों में जिला प्रमुख और प्रधान पद के संभावित दावेदारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। एक विधायक की मां तो दूसरे की पत्नी मैदान में सिकराय से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां कौशल्या देवी जिला परिषद के वार्ड नंबर 21 से चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने कांग्रेस की विनीता मीना मैदान में हैं। वहीं, दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी और पूर्व प्रधान बीना बैरवा भी जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला भाजपा की सीमा बैरवा से है। पूर्व मंत्री की बेटी के सामने त्रिकोणीय मुकाबला कांग्रेस की पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी भी पहली बार चुनाव लड़कर राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। वे सिकराय क्षेत्र के जिला परिषद वार्ड नंबर 19 से चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने भाजपा की मधु मेहरा हैं। वहीं, सिकंदरा से कांग्रेस के प्रधान रहे सुल्तान बैरवा की पत्नी मीरा देवी भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। ऐसे में इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है। देवांगना और मीरा देवी को जिला प्रमुख पद के प्रबल दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है। IAS अधिकारी की पत्नी भी चुनाव मैदान में पंजाब कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी सुमेर सिंह गुर्जर धूलकोट की पत्नी पिंकी गुर्जर भी सिकंदरा पंचायत समिति से सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें प्रधान पद की दौड़ में मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसी तरह पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल के बेटे रोहित बंशीवाल भी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें नांगल राजावतान पंचायत समिति में प्रधान पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। प्रत्याशियों के साथ दिग्गज नेताओं ने भी लगाया जोर चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रत्याशियों के साथ उनके परिजन भी पूरी ताकत लगा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने भी अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया है। भाजपा की राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर ने कई प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया, जबकि सांसद मुरारीलाल मीणा ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में ताकत लगाई। जिले के सभी विधायकों ने भी अपने-अपने स्तर पर चुनाव प्रचार किया है।