दौसा जिले में पंचायतीराज चुनाव के तृतीय चरण के लिए मंगलवार, 3 नवंबर को मतदान होगा। आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 763 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6 लाख 55 हजार 698 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 2500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। 8 पंचायत समितियों में होगा मतदान तृतीय चरण में सिकंदरा, सिकराय, दौसा, लवाण, रामगढ़ पचवारा, नांगल राजावतान, लालसोट और शिवसिंहपुरा पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान होगा। सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद पीजी कॉलेज दौसा से मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए। इस चरण में पंचायत समिति के 142 सदस्यों और जिला परिषद के 24 सदस्यों के निर्वाचन के लिए वोट डाले जाएंगे। जिले में कुल 6 लाख 55 हजार 698 मतदाताओं के लिए 763 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा में 2500 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मतदान के दौरान करीब 2500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। वहीं, 59 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर हथियारबंद पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा 65 पुलिस मोबाइल पार्टियां क्षेत्र में गश्त कर कानून-व्यवस्था पर नजर रखेंगी। चुनाव ड्यूटी में 59 सीआई और 9 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी तैनात रहेंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एसपी खुद कर रहे सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग एसपी कुंदन कंवरिया चुनाव सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मतदान के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में व्यवधान डालने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 5 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान जिले में पंच और सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।