प्रदेश में सरकारी ऑफिसों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को दौसा स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जोधपुर परिवहन कार्यालय को ई-मेल के जरिए से सूचना मिली कि दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच दौसा आरटीओ कार्यालय को जहरीली गैस वाले बम से उड़ाया जाएगा। तत्काल संबंधित अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी, साथ ही आरटीओ ऑफिस को भी अलर्ट किया गया। धमकी की सूचना मिलते ही आरटीओ जगदीश अमरावत ने एसपी पीयूष दीक्षित को अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर एएसपी शंकर लाल मीणा, डिप्टी एसपी धर्मेंद्र शर्मा सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। एहतियात के तौर पर ऑफिस को खाली कराकर कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पूरे ऑफिस परिसर की सघन तलाशी ली। मौके पर दमकल और एंबुलेंस भी तैनात की गई, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। कई माह से मिल रही धमकियां गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से प्रदेश के कई सरकारी ऑफिसों को ई-मेल के जरिए बम की धमकियां मिल रही हैं। हालांकि अब तक सभी मामलों में जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। अब पुलिस इन ई-मेल भेजने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।