स्वर्णनगरी में मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखा जा रहा है। जैसलमेर में बुधवार को दिन के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात का पारा स्थिर बना रहा। दिन और रात का तापमान सामान्य औसत से ऊपर बने रहने के कारण शहर में अभी भी गर्मी का असर कायम है। दोपहर के समय तीखी धूप आमजन को परेशान कर रही है, हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की गुलाबी ठंडक का अहसास होने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का पारा सामान्य से 2.4 डिग्री और रात का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। तापमान औसत से ऊपर रहने के चलते दिन में एसी व पंखे चलाने पड़ रहे हैं, वहीं रात गहराने पर हल्की ठंडक का असर नजर आता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी चार दिनों तक क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। नवंबर के पहले व दूसरे सप्ताह में नया कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय होने की संभावना नहीं है। ऐसे में सुबह-शाम हल्की सर्दी का असर रहेगा। वहीं तीसरे सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है।