डीग में बाइक चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया। आरोपियों और नाबालिगों के कब्जे से दो बाइक बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल जाटव (19) पुत्र भरतलाल और राजवीर जाटव (30) पुत्र तेसो के रूप में हुई है। दोनों अढ़ावली, थाना खोह के निवासी हैं। तीसरा आरोपी पवन जाट (23) पुत्र प्रेमप्रकाश है, जो बेढम, थाना सदर डीग का निवासी है। बाइक चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिगों को निरुद्ध किया। पुलिस ने थाना कोतवाली के मामले में चोरी हुई बाइक के साथ एक दूसरी बाइक भी बरामद की। पुलिस दूसरी बाइक के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. आईपीएस के निर्देशन में की गई। पुलिस बाइक चोरी और उनकी खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।