डीग कोतवाली पुलिस और डीएसटी टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को डीग रेलवे फाटक से पकड़ा गया। उसकी पहचान तरुण उर्फ टाइगर (26), निवासी हनीपुर, थाना कठूमर, जिला अलवर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे थाना डीग के प्रकरण संख्या 315/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में साहिल जाटव निवासी अढावली, थाना खोह; राजवीर जाटव निवासी अढावली, थाना खोह; और पवन जाट निवासी बेढम, थाना सदर डीग को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। उनसे चोरी की दो मोटरसाइकिलें पहले ही बरामद की जा चुकी हैं। छठे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक और चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच जारी है। कार्रवाई में डीग थानाधिकारी ताराचंद शर्मा, एसआई सतीश कुमार, डीएसटी प्रभारी वीरेंद्र सिंह और उनकी टीम के जवान शामिल रहे।