पंचायतीराज चुनाव को लेकर डीग जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। शनिवार को स्वीप अभियान के तहत जिले के डीग, बृजनगर और पहाड़ी ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक मतदाता बनने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही पंचायत समिति सभागार डीग में कर्मचारियों ने भी मतदाता शपथ लेकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। डीग ब्लॉक के कई स्कूलों में हुए कार्यक्रम डीग ब्लॉक में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खोहरी, केएल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डीग, श्योरावली, पास्ता, कठैरा चौथ, पटका, मूढ़ेरा और दुंदावल के स्कूलों में शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाराजा अग्रसेन राजकीय बालिका विद्यालय जनूथर में भी विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने मतदान के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली। वहीं इकलहरा में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। बृजनगर और पहाड़ी ब्लॉक में भी दिलाई शपथ बृजनगर ब्लॉक के सरकारी स्कूलों में भी विद्यार्थियों और स्टाफ को मतदान के महत्व के बारे में बताया गया। पीईईओ भैंसेड़ा और पीईईओ पिपरोली के तहत आने वाले स्कूलों में शपथ कार्यक्रम हुए। इसी तरह पहाड़ी ब्लॉक के खंडेवला में भी स्वीप अभियान के तहत जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। अधिक मतदान के लिए लोगों को कर रहे प्रेरित जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि इन गतिविधियों के जरिए पात्र मतदाताओं को मतदान का महत्व समझाने और चुनाव में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायतीराज चुनाव को देखते हुए जिले में आगे भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।