आगामी त्योहारों को देखते हुए डीग जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों पर निगरानी रखने के साथ बाजारों में सजावट, यातायात, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मिठाई, पनीर सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सा संसाधन रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने को कहा। मिठाई-पनीर की गुणवत्ता पर रहेगी नजर कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को त्योहारों के दौरान बड़े स्तर पर खाद्य सामग्री तैयार करने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रूप से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच करने और किसी तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा, ताकि लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके। बाजारों में सजावट, यातायात के होंगे इंतजाम नगर परिषद को प्रमुख बाजारों, सड़कों, चौराहों और सरकारी कार्यालयों में सजावट का काम समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। भीड़भाड़ वाले बाजारों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त इंतजाम करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो। फायर ब्रिगेड को अलर्ट, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता कलेक्टर ने फायर ब्रिगेड को पूरी तरह तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अस्पतालों में जरूरी दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिलना चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल से करें काम कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य और सफाई से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया।