डीग में कैथवाड़ा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ऑनलाइन लेनदेन के जरिए लोगों को निशाना बनाने वाले गिरोह में शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड जब्त किया है। साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज तीन शिकायतों में कुल 1 लाख 55 हजार 800 रुपए के फ्रॉड से जुड़े लेनदेन का रिकॉर्ड मिला है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रफीक (23) पुत्र मजीद, निवासी झैंझपुरी, थाना कैथवाड़ा और अजरूदीन (31) पुत्र हसनु, निवासी अमरूका, थाना कैथवाड़ा, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस इन लेनदेन और ठगी से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। जब्त किए गए उपकरणों के आधार पर दूसरे लोगों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. आईपीएस के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत की गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।