डीग में फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी के मामले में फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को कैथवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन शिकंजा-2.0 के तहत की। अभियान पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इस्ताक (33) पुत्र आजाद, निवासी नीमला, थाना कैथवाड़ा है। वह हाजा थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में स्थायी वारंटी था और लंबे समय से फरार था। जिला पुलिस अधीक्षक ने उस पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस को 31 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि हाजा थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 197/24 का स्थायी वारंटी इस्ताक अपने गांव नीमला स्थित घर आया है। इसके बाद कैथवाड़ा थाने की टीम ने गांव में दबिश दी। आरोपी घर पर मिला। पुलिस उसे थाने ले गई और पूछताछ व जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामला फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाकर लोगों से ठगी करने का है। इस्ताक इस मामले के मुख्य आरोपी और फर्जी मैरिज ब्यूरो के प्रमुख संचालक बताए गए सैकुल खान, निवासी नंदेरा, थाना कामां का सहयोगी है। पुलिस हाजा थाने में दर्ज मामले को लेकर इस्ताक से पूछताछ और जांच कर रही है। कार्रवाई में कैथवाड़ा थाना अधिकारी हीरालाल पुनिया के नेतृत्व में विजयपाल सिंह, वसीम अकरम और सोनूराम की टीम शामिल रही।