पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर डीग जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी डीग की ओर से डीग और कुम्हेर पंचायत समिति चुनाव के लिए कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। जारी सूची में दोनों पंचायत समितियों के कुल 54 वार्डों में से 37 वार्डों के लिए प्रत्याशियों के नाम शामिल किए गए हैं। सूची के अनुसार डीग पंचायत समिति के 27 वार्डों में से 18 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 1, 3, 4, 5, 6, 7, 10, 11, 13, 15, 16, 17, 20, 21, 22, 23, 24 और 25 शामिल हैं। वहीं कुम्हेर पंचायत समिति के 27 वार्डों में से 19 वार्डों के लिए प्रत्याशियों के नाम सूची में दर्ज हैं। इनमें वार्ड संख्या 1, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 14, 15, 18, 19, 20, 21, 22, 26 और 27 शामिल हैं। दोनों पंचायत समितियों की सूची में सामान्य, सामान्य महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति महिला, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग महिला श्रेणियों के वार्डों को शामिल किया गया है। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद पंचायत समिति चुनाव को लेकर राजनीतिक मुकाबले की तस्वीर सामने आने लगी है। अब चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की सक्रियता और विभिन्न वार्डों में होने वाले मुकाबलों पर सभी की नजर रहेगी।