पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर डीग जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से डीग और कुम्हेर पंचायत समिति के प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न (सिंबल) रिटर्निंग अधिकारी को जमा कराए गए। इस दौरान डीग पंचायत समिति प्रभारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष की ओर से उपलब्ध कराई गई वार्डवार सूची के अनुसार कुम्हेर पंचायत समिति के 27 वार्डों में से 19 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम दर्ज हैं। वहीं डीग पंचायत समिति के 27 वार्डों में से 17 वार्डों के लिए प्रत्याशियों के नाम सूची में शामिल हैं। इस तरह दोनों पंचायत समितियों के कुल 54 वार्डों में से 36 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम सामने आए हैं। सिंबल जमा कराने के दौरान डीग जिलाध्यक्ष सतीश बंसल, पूर्व प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी, जिला प्रभारी शिवकुमार सैनी और चुनाव प्रभारी लोकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष बंसल ने बताया- पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन में सभी वर्गों का ध्यान रखा है। महिलाओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए डीग और कुम्हेर पंचायत समिति में कुल 20 महिलाओं को टिकट दिया गया है। पार्टी ने सामाजिक संतुलन और सभी वर्गों की भागीदारी को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किया है। अब भाजपा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ चुनाव मैदान में उतरकर पार्टी की तैयारियों को आगे बढ़ाएंगे।