पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत डीग और कुम्हेर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। चार दिनों तक चली प्रक्रिया में दोनों पंचायत समितियों में कुल 535 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 426 अभ्यर्थियों ने चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी पेश की। अंतिम दिन नामांकन को लेकर दोनों क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन बुधवार को दोनों पंचायत समितियों में कुल 143 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें 113 अभ्यर्थी शामिल रहे। चौथे दिन कुम्हेर में ज्यादा नामांकन नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन डीग पंचायत समिति क्षेत्र में 68 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें 58 अभ्यर्थियों ने अपनी दावेदारी पेश की। वहीं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र में 75 नामांकन पत्र प्रस्तुत हुए, जिनमें 55 अभ्यर्थी शामिल रहे। इस तरह अंतिम दिन नामांकन पत्रों की संख्या के लिहाज से कुम्हेर आगे रहा, जबकि अभ्यर्थियों की संख्या डीग में अधिक रही। कुम्हेर में 300, डीग में 235 नामांकन चार दिनों की पूरी नामांकन प्रक्रिया के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 300 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें 230 अभ्यर्थियों ने चुनाव लड़ने के लिए पर्चे भरे। वहीं डीग पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 235 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें 196 अभ्यर्थी शामिल रहे। दोनों पंचायत समितियों को मिलाकर कुल 426 अभ्यर्थियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। अब नामांकन के बाद चुनावी तस्वीर होगी स्पष्ट नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मैदान में उतरे अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट होने की दिशा में अगला चरण शुरू होगा। चार दिनों तक चली प्रक्रिया में कई अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद दोनों पंचायत समितियों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी।