पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए सोमवार को डीग के मास्टर आदित्येन्द्र जी (एमएजे) राजकीय महाविद्यालय से मतदान दल अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हुए। बृजनगर, कामां और पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों में 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। इसके लिए कुल 419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां चुनाव संपन्न कराने के लिए 2095 मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 365 मतदान दल अधिकारी रिजर्व में रखे गए हैं। रवानगी से पहले मतदानकर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण देकर मतदान सामग्री वितरित की गई। तीनों पंचायत समितियों में इतने बूथ बनाए तीसरे चरण के चुनाव के लिए बृजनगर में 160, कामां में 124 और पहाड़ी में 135 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन तीनों क्षेत्रों की 134 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 134 रिटर्निंग अधिकारियों को भी अंतिम प्रशिक्षण के बाद रवाना किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक होमगार्ड की तैनाती की गई है। इस तरह कुल 419 होमगार्ड भी मतदान केंद्रों के लिए भेजे गए हैं। ईवीएम और मतदान सामग्री की जांच के निर्देश रवानगी स्थल पर सुबह से ही मतदानकर्मियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण देने के साथ ईवीएम, मतपेटी और अन्य जरूरी मतदान सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों ने मतदान दलों को रवाना होने से पहले सभी उपकरणों और सामग्री की जांच करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद स्थानीय ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों और अन्य कार्मिकों के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया। मॉक पोल के बाद शुरू होगा मतदान 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम के माध्यम से होंगे। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मॉक पोल कराना अनिवार्य रहेगा। ईवीएम में तकनीकी खराबी आने की स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व मशीनों की व्यवस्था भी रखी गई है। सुरक्षा और निगरानी के लिए पुलिस जाब्ता, मोबाइल पुलिस पार्टियां और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। पार्किंग और यातायात की भी रही व्यवस्था मतदान दलों की रवानगी के दौरान कॉलेज परिसर में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए पार्किंग की व्यवस्था किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में की गई। पुलिसकर्मियों ने सुबह से ही वाहनों के प्रवेश और निकास मार्गों पर यातायात संभाला, ताकि रवानगी के दौरान जाम की स्थिति नहीं बने और मतदान दलों को परेशानी न हो। 5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान तीसरे चरण में 3 नवंबर को बृजनगर, कामां और पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। इसके बाद 5 नवंबर को इन्हीं क्षेत्रों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों के लिए मतदान दलों की रवानगी और अन्य चुनावी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रवानगी स्थल पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, बृजनगर उपखंड अधिकारी दुर्गाप्रसाद मीना, कामां उपखंड अधिकारी अनिल कुमार मीना और जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।