पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को डीग जिले की बृजनगर, कामां और पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान जारी है। तीनों क्षेत्रों के 419 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने 2,095 मतदानकर्मियों के साथ 419 होमगार्ड तैनात किए हैं। मतदान से पहले सोमवार को मतदान दलों को प्रशिक्षण देकर मास्टर आदित्येन्द्र जी राजकीय महाविद्यालय, डीग से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया था। तीनों क्षेत्रों में 419 मतदान केंद्र उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार के अनुसार, बृजनगर, कामां और पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बृजनगर में 160, कामां में 124 और पहाड़ी में 135 मतदान केंद्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों की 134 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराने के लिए 2,095 मतदानकर्मी और 134 आरओ रवाना किए गए हैं। इसके अलावा 365 मतदान दल अधिकारी रिजर्व में रखे गए हैं। सुरक्षा के लिए 419 होमगार्ड तैनात मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी 419 मतदान केंद्रों पर होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिसकर्मी, मोबाइल पुलिस पार्टियां और जोनल मजिस्ट्रेट भी निगरानी कर रहे हैं। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लगातार क्षेत्र का दौरा कर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। ईवीएम खराब होने पर रिजर्व मशीनों की व्यवस्था प्रशासन की ओर से मतदान दलों को प्रशिक्षण के साथ आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई। रवाना होने से पहले अधिकारियों ने ईवीएम, मतपेटी और अन्य सामग्री की उपलब्धता जांचने के निर्देश दिए थे। मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद स्थानीय कर्मचारियों की मदद से सभी व्यवस्थाएं पूरी कराई गईं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर नियमानुसार मॉक पोल की व्यवस्था की गई है। ईवीएम में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में तत्काल रिजर्व मशीन उपलब्ध कराने का इंतजाम किया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो।