डीग जिले में राजीविका मिशन की महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर मतदाताओं को पीले चावल बांटे। उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में मतदान करने का न्योता दिया। शादी-ब्याह में मेहमानों को पीले चावल देकर बुलाने की परंपरा के जरिए मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाया गया। यह अभियान स्वीप कार्यक्रम के तहत चल रहे ‘वोट बुलावा अभियान’ का हिस्सा है। लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना है उद्देश्य अभियान के दौरान महिलाओं ने ग्रामीण इलाकों में लोगों से संपर्क किया और मतदान का महत्व बताया। उन्होंने मतदाताओं से मतदान के दिन अपने केंद्र पहुंचकर मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। डीग जिले के अलग-अलग इलाकों में राजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने यह जिम्मेदारी संभाली। कुम्हेर और डीग ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी घर-घर जाकर पीले चावल बांटे। ताखा इलाके में भी मतदाताओं को मतदान का न्योता दिया गया। जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के हर पात्र मतदाता को मतदान के प्रति जागरूक करना और चुनाव में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।