डीग में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों के आसपास 100 से 200 मीटर के दायरे में पुलिस और प्रशासन निगरानी रखेंगे। इस दायरे में वाहनों के प्रवेश और मोबाइल फोन ले जाने पर रोक के नियम लागू कराए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह परमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पहाड़ी, कामां और बृजनगर के जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मतदान केंद्रों की सुरक्षा और मतदाताओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मतदान केंद्रों के आसपास पड़े पत्थर और निर्माण सामग्री हटवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्याप्त रोशनी, जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर और ध्वनि प्रसारण प्रणाली की व्यवस्था करने को कहा गया। परमार ने कहा कि मतदान केंद्रों के तय 100 से 200 मीटर के दायरे में सुबह से नियमों का पालन कराया जाए। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर अपने इलाकों में लगातार निगरानी रखें। प्रशासन ने कहा कि मतदान के दिन मतदाताओं को परेशानी न हो और चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो।