अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान डीग जिले के बेढम गांव के अडावली रोड पर एक तस्कर पुलिस को देखकर अपनी बाइक और शराब छोड़कर फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर खड़ी बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक की तलाशी ली तो उसमें 96 पव्वे देसी शराब, 20 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और 24 कैन बीयर मिलीं। पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक पर अवैध शराब लेकर पहुंचा है। सूचना पर पुलिस बेढम गांव के अडावली रोड पर पहुंची। वहां एक दुकान के सामने बाइक सवार युवक मिला। पूछताछ में उसकी पहचान बंदर गुर्जर निवासी भाजना का नगला (छोटा हयातपुर) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान बाइक छोड़कर भागा पुलिस ने युवक से शराब के बारे में जानकारी ली और बाइक को साइड में खड़ा करने के लिए कहा। इसी दौरान वह अचानक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग पैकिंग में शराब रखी मिली। आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज तलाशी के दौरान पुलिस ने 96 पव्वे देसी शराब, 20 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और 24 कैन बीयर बरामद कीं। पुलिस ने शराब के साथ बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी जब्त कर ली। सदर थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज किया है। अब फरार आरोपी बंदर गुर्जर की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने वाला था।