साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य के लिए डीग पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के. का चयन वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए हुआ है। डीग पुलिस ने अक्टूबर 2026 तक साइबर अपराध के 394 मामले दर्ज कर 1,966 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 1,542 मोबाइल, 2,216 सिम कार्ड, 136 एटीएम कार्ड, 41 दोपहिया और 42 चारपहिया वाहन जब्त किए गए। पुलिस की इन कार्रवाइयों और साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में किए गए तकनीकी अनुसंधान को इस सम्मान का आधार माना गया है। साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की ठगी का खुलासा डीग पुलिस ने साइबर अपराध के मामलों में कार्रवाई करते हुए 78 लाख 72 हजार 210 रुपए नकद जब्त किए। इसके अलावा 4,161 सिम कार्ड और 3,412 आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराए गए। इन कार्रवाइयों से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल और संचार नेटवर्क पर भी प्रभावी प्रहार किया गया। म्यूल हंटर अभियान में 174 आरोपी गिरफ्तार अप्रैल 2026 में पुलिस ने ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत एक महीने तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 56 मामले दर्ज कर 174 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 1,074 सिम कार्ड और 1,056 आईएमईआई नंबर भी ब्लॉक कराए गए। इसका उद्देश्य साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों और उनसे जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करना था। पीतल को सोना बताकर करते थे ठगी, 53 लाख से अधिक जब्त ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत पीतल को सोना बताकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 लाख 39 हजार रुपए नकद, एक हैरियर कार, पांच मोबाइल और 10 फर्जी एटीएम कार्ड जब्त किए। जांच में एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 287 शिकायतों और करीब 28 करोड़ रुपए की ठगी का नेटवर्क सामने आया। गिरोह के पास 200 से अधिक म्यूल बैंक खातों का रिकॉर्ड भी मिला। इस कार्रवाई से साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। 490 पुलिसकर्मियों को मिलेगा दक्षता पदक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2026 में देशभर के 490 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दक्षता पदक देने की घोषणा की है। इनमें 123 पुलिसकर्मियों का चयन उत्कृष्ट अनुसंधान श्रेणी में हुआ है। राजस्थान के छह आईपीएस अधिकारियों को इस सम्मान के लिए चुना गया है, जिनमें डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के. भी शामिल हैं। पूरे पुलिस बल के समर्पण का परिणाम : एसपी डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने कहा कि यह सम्मान उनके साथ पूरे डीग जिला पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है। यह पूरी टीम के समर्पण और मेहनत का परिणाम है। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने, अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और तकनीकी अनुसंधान मजबूत करने के लिए चलाए गए अभियानों की इसमें अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस आगे भी पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी। जनता का सहयोग पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।