दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कैथून थाना क्षेत्र में अरंडखेड़ा के पास एक SUV अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी। कार हाईवे से नीचे गिरने के बाद दीवार से टकराकर रुक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित बच गए। हादसे के दौरान दोनों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। कैथून थानाधिकारी मनोज सिंह सिकरवार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे अरंडखेड़ा के पास ग्रामीण ने हाईवे से एक SUV नीचे गिरने की सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार में दिल्ली के द्वारका मोड़ विपिन एक्सटेंशन निवासी विक्रांत सिंह राजपूत और उसका चचेरा भाई मोहित कुमार राजपूत सवार थे। दोनों सोमवार रात दिल्ली से उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए रवाना हुए थे। अचानक आंख लगने से बिगड़ा संतुलन कार चला रहे मोहित ने बताया कि वह फार्मा कंपनी में काम करता है। रास्ते में अचानक उसे नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई। आंख खुलने पर उसने तुरंत ब्रेक लगाकर रफ्तार कम करने की कोशिश की, लेकिन SUV हाईवे से नीचे जा गिरी और दीवार से टकरा गई। हादसे में दोनों भाइयों को कोई चोट नहीं आई। मौके पर एनएचएआई की टीम और पुलिस ने स्थिति संभाली। इसके बाद दोनों ने क्षतिग्रस्त गाड़ी सर्विस सेंटर भिजवाई और वापस दिल्ली लौट गए।