बाड़मेर | शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन की तारीखें बदल दीं। पहले सम्मेलन 27 और 28 नवंबर को प्रस्तावित था। अब इसे 23 और 24 दिसंबर कर दिया गया। अब नई तारीखों पर भी बदलाव की मांग उठी है। निदेशक माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान बीकानेर ललित कुमार के आदेश के अनुसार पंचायती राज चुनावों के कारण अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक तय हो गईं। इसी वजह से पहले की तारीखें बदली गईं। शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि नई तारीखों पर भी शिक्षकों की भागीदारी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत 16 दिसंबर से 18 जनवरी 2027 के बीच गणनाकर्ताओं और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रस्तावित है। सीएमएमएस पोर्टल पर पंजीकरण से जुड़े काम भी इसी अवधि में तय बताए गए हैं। संघ के अनुसार 15 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच परीक्षा, शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य विभागीय दायित्वों का दबाव रहेगा। इसके तुरंत बाद जनगणना प्रशिक्षण और पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दिसंबर के अंत में सम्मेलन में शामिल होना कठिन हो सकता है। सलावद ने कहा कि शिक्षकों से जुड़े शैक्षणिक, सामाजिक और सेवा संबंधी मुद्दों पर चर्चा का मंच है।