मां करणी की महिमा और सनातन संस्कृति पर आधारित हिंदी फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए मंगलवार को फिल्म की स्टारकास्ट जयपुर पहुंचीं। अभिनेता टिकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। फिल्म का ट्रेलर राजस्थान कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में लॉन्च किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रविंद्र सिंह भाटी मौजूद रहेंगे। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एक्टर बोले-फिल्म में सनातन संस्कृति आएगी नजर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में एक्टर टिकू तलसानिया ने कहा कि यह फिल्म सनातन संस्कृति को दिखाएगी। उन्होंने बताया कि सभी कलाकार जयपुर में ट्रेलर लॉन्च को लेकर उत्साहित हैं। उनके अनुसार, फिल्म के लिए जयपुर को चुना जाना टीम के लिए महत्वपूर्ण है और इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए भी खास है। अभिनेत्री पूजा जोशी ने कहा कि वह पहली बार जयपुर आई हैं और यहां अपनी फिल्म के सबसे बड़े आयोजन का हिस्सा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म दर्शकों को आध्यात्मिक विरासत से रूबरू करवाएगी। वहीं चेतन धनानी ने बताया कि टीम लंबे समय से जयपुर आने की तैयारी कर रही थी। उन्होंने कहा कि फिल्म का ट्रेलर बड़े स्तर पर लॉन्च किया जा रहा है। आस्था और विज्ञान के संबंध पर आधारित कहानी ‘देवी विज्ञानम्’ की कहानी राजस्थान के देशनोक स्थित माँ करणी मंदिर की आध्यात्मिक विरासत से प्रेरित है। फिल्म में आस्था और विज्ञान के संबंध को रहस्य और रोमांच के साथ प्रस्तुत किया गया है। कहानी ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शुरुआत में धर्म और ईश्वर में विश्वास नहीं करता। जीवन में घटित कुछ अप्रत्याशित घटनाएं उसका नजरिया बदल देती हैं। उसकी यात्रा अविश्वास से आस्था और अधर्म से धर्म की ओर परिवर्तन को दर्शाती है। फिल्म में टिकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन कर्तव्य शाह ने किया है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और मां करणी की महिमा को आधुनिक सिनेमाई तकनीक के जरिए देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इसमें खास तौर पर युवा पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ने का उद्देश्य रखा गया है।