आस्था की शक्ति, सनातन संस्कृति की फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ का आधिकारिक ट्रेलर जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में लॉन्च किया गया। फिल्म में आस्था, अध्यात्म, प्राचीन परंपराओं और वैज्ञानिक सोच के बीच के रिश्ते को पेश करने का प्रयास किया गया। ट्रेलर के लॉन्च समारोह में विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं विधायक बालमुकुंद आचार्य, आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरि, आध्यात्मिक गुरु व डॉक्टर कर्णी प्रताप सिंह और समाजसेवी मनीष रिनवा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर फिल्म की स्टारकास्ट टिकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी के साथ निर्देशक कर्तव्य शाह तथा किंग प्रोडक्शन हाउस की टीम भी मौजूद रही। टिकू तलसानिया ने कहा- हमने शूटिंग के लिए पहाड़ों को चुना था। जब शूटिंग के लिए मंदिर देख रहे थे, तब माता का मंदिर हमें मिल गया। ऐसे में यह फिल्म आशीर्वाद के साथ तैयार की है। अध्यात्म और विज्ञान के संबंध को समझने का अवसर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा- ‘देवी विज्ञानम्’ ऐसे महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने लाने का प्रयास करेगी, जिनसे लोगों को अध्यात्म और विज्ञान के आपसी संबंध को समझने का अवसर मिलेगा। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा- माता करणी की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में टीम ने करीब एक साल तक मेहनत की है और सभी कलाकारों ने अच्छा काम किया है। अलग विषय पर काम करने को मिला एक्टर टिकू तलसानिया ने कहा- ‘देवी विज्ञानम्’ ने मुझे एक अलग और सोचने पर मजबूर करने वाले विषय के साथ काम करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा- नई तरह की सिनेमाई दुनिया को तलाशना और ऐसी कहानी को पर्दे पर लाने के लिए उत्साहित टीम के साथ काम करना रोमांचक रहा। पूजा जोशी ने कहा- फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा। फिल्म ऐसे विषयों को छूती है, जिनका हमारी संस्कृति और मान्यताओं से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक कहानी के साथ-साथ पर्दे पर दिखाए गए भावों और विचारों से भी जुड़ेंगे। के. आर्यवर्धन ने फिल्म को विषय और उसकी खास सिनेमाई दुनिया के लिहाज से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया। उन्होंने कहा- इस पर काम करना मेरे लिए सीखने वाला अनुभव रहा और दर्शकों को फिल्म में जुड़ने तथा सोचने के कई दिलचस्प पहलू मिलेंगे। करणी माता मंदिर से प्रेरित कहानी ‘देवी विज्ञानम्’ की कहानी देशनोक स्थित करणी माता मंदिर से प्रेरित है। फिल्म रहस्य और रोमांच के जरिए आस्था तथा विज्ञान के बीच के संबंध को तलाशती है। कहानी का केंद्र ऐसा पात्र है, जो शुरुआत में धर्म और आस्था को लेकर संदेह करता है, लेकिन अप्रत्याशित घटनाओं के बाद उसका नजरिया बदलने लगता है। फिल्म की यात्रा अविश्वास से विश्वास और अधर्म से धर्म की ओर बढ़ती है। निर्देशक कर्तव्य शाह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को रिलीज होगी।