सवाई माधोपुर में सर्दी की दस्तक के साथ ही जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद के लिए सामाजिक संगठन आगे आने लगे हैं। रविवार को धन्वी फाउंडेशन की ओर से बाल मंदिर कॉलोनी में सामाजिक सरोकार की दीवार अभियान की शुरुआत की गई। स्थानीय वार्ड पार्षद अनुराधा शर्मा ने फीता काटकर अभियान का उद्घाटन किया। सुबह 10 से शाम 6 तक संचालित होगी दीवार धन्वी फाउंडेशन के डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गरीब और असहाय लोगों को सर्दी के मौसम में गर्म कपड़े उपलब्ध कराना है। इसके तहत पूरे सर्दी के सीजन में सामाजिक सरोकार की दीवार संचालित की जाएगी। यहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जरूरतमंदों के लिए कपड़े उपलब्ध रहेंगे। अभियान के तहत भामाशाह और आमजन अपने उपयोग योग्य कपड़े यहां जमा करा सकेंगे, जबकि जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार कपड़े ले सकेंगे। इससे जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े मिल सकेंगे। आगामी दिनों में बांटेंगे 500 कंबल एवं डॉ. शर्मा ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से आगामी तीन से चार दिनों में 500 कंबलों का भी नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। ये कंबल जरूरतमंद परिवारों को दिए जाएंगे, ताकि सर्दी के मौसम में उन्हें राहत मिल सके।इस दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मुरली शर्मा, आकाश भारद्वाज, रणथंभौर नेचुरल हेरिटेज सोसाइटी के अध्यक्ष कैलाश जैन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।