धौलपुर में खाद्य सुरक्षा दल ने 750 किलो संदिग्ध घी सीज किया है। राजाखेड़ा में एक वाहन से 350 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर और 105 किलो रिफाइंड ऑयल भी जब्त किया गया। दीपावली से पहले जिलेभर में मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी और जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर विशेष अभियान चल रहा है। खाद्य सुरक्षा दल ने धौलपुर के एसएस फूड प्रोडक्ट्स, जे-246, रीको औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। डेयरी परिसर में संदिग्ध घी के 50 पीपे मिले। हर पीपे में 15 किलो घी था। टीम ने कुल 750 किलो घी सीज किया। देवसेड़ा गांव के पास की कार्रवाई राजाखेड़ा के गांव देवसेड़ा के पास खाद्य सुरक्षा दल ने एक वाहन की जांच की। वाहन में स्किम्ड मिल्क पाउडर के 14 कट्टे मिले। हर कट्टे का वजन 25 किलो था। वाहन से रिफाइंड ऑयल के 7 पीपे भी मिले। हर पीपे में 15 किलो तेल था। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कुल 350 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर और 105 किलो रिफाइंड ऑयल सीज किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार, गौरव परिहार, रविंद्र मीणा और दीक्षा की टीम बाजारों, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। दीपावली को देखते हुए दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों और खाद्य तेलों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है।