धौलपुर की ग्राम पंचायत अलीगढ़ के लुधपुरा गांव में पोखर के किनारे बनी जर्जर सड़क पर 30 अक्टूबर को ऑटो पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सड़क निर्माण और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने आगामी पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, एक की मौत ग्रामीणों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे पोखर के किनारे बनी सड़क पर ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में भीकम सिंह पुत्र किशन लाल की मौत हो गई, जबकि राजकपूर पुत्र बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सरकारी रिकॉर्ड में पक्की, मौके पर कच्ची सड़क ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क सरकारी रिकॉर्ड में पक्की दर्ज है, लेकिन वास्तविक स्थिति इसके उलट है। मौके पर सड़क कच्ची और गड्ढों से भरी हुई है। इसी बदहाल सड़क के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण जल्द कराने की मांग की है। परिवार का अकेला कमाने वाला था मृतक ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले भीकम सिंह परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण और मुआवजे की मांग पूरी नहीं हुई तो पंचायत चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।