धौलपुर में गांधी पार्क स्थित मार्कंडेश्वर मंदिर के पास तेज रफ्तार कार दुकान के बाहर खड़े वाहनों से टकरा गई। हादसे में 2 स्कूटी और 1 बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान पर गहने खरीद रही एक लड़की भी कार की चपेट में आकर घायल हो गई। लालबाजार की ओर से आ रही कार की टक्कर के बाद लोगों ने घायल लड़की को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने कार में सवार 4 युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। निहालगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार जब्त कर ली। तेज रफ्तार में आई कार दुकानदार हरिदेव सोनी ने बताया कि हादसे के समय वह दुकान पर बैठे थे। एक महिला और बालिका आभूषण खरीद रही थीं। तभी लालबाजार की ओर से तेज रफ्तार कार आई और दुकान के बाहर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। बालिका भी कार की चपेट में आ गई। हरिदेव सोनी के मुताबिक, कार में 4 युवक सवार थे। वे देखने में नशे की हालत में लग रहे थे। हादसे की पूरी घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कार तेज रफ्तार से आती और वाहनों से टकराती दिख रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज देखकर जांच शुरू कर दी है। दुकान ऊंचाई पर बनी होने के कारण कार उसके अंदर नहीं घुसी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।