धौलपुर के धूलकोट इलाके में सोमवार को नगर परिषद ने कोर्ट के आदेश पर एक भवन का सेट बैक पर किया गया निर्माण तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध किया। पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला। नगर परिषद के अनुसार, भवन स्वामी ने स्वीकृत नक्शे के मुताबिक तय सेट बैक छोड़े बिना पक्का निर्माण किया था। इसकी शिकायत मिलने के बाद परिषद ने भवन पर नोटिस चस्पा किया। मामला नहीं सुलझने पर कोर्ट के आदेश के तहत निर्माण हटाया गया। जेसीबी से तोड़ा निर्माण नगर परिषद की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची तो घर के सदस्यों और मोहल्ले के लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर मौके से बाहर निकाला। इसके बाद जेसीबी से निर्माण तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम सुरेश राव और नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी। सीओ सिटी प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में निहालगंज, सदर और कोतवाली थाना पुलिस के साथ डीएसटी टीम के जवान भी तैनात रहे।