दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा दल ने धौलपुर और सैंपऊ में जांच की। टीम ने 1350 लीटर संदिग्ध रिफाइंड मूंगफली तेल सीज किया और 5 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण के निर्देश पर जिले में खाद्य दुकानों और गोदामों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत टीम ने काली माई रोड स्थित अशोक ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम की जांच की। यहां से मैदा, सूजी, रिफाइंड पामोलिन तेल और रिफाइंड मूंगफली तेल के नमूने लिए गए। जांच के दौरान बीकानेरी गोल्ड ब्रांड के रिफाइंड मूंगफली तेल के 15-15 लीटर के 90 पैक मिले। इनकी कुल मात्रा 1350 लीटर थी। संदेह के आधार पर टीम ने तेल सीज कर दिया। इसके बाद टीम ने सैंपऊ के भरतपुर रोड स्थित शेखावत किराना स्टोर की जांच की और गोयल ब्रांड के अमचूर पाउडर का नमूना लिया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।