धौलपुर से घड़ी सांदरा तक बनी 19.8 किलोमीटर लंबी ब्रॉडगेज रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवासन ने निरीक्षण किया। इसके बाद ट्रेन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी। ट्रायल सफल रहा। अब इस लाइन पर नियमित रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद है। पहले इस ट्रैक पर नैरोगेज ट्रेन 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती थी। ब्रॉडगेज लाइन धौलपुर से सरमथुरा तक रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना का हिस्सा है। अधिकारियों के साथ जांच शुरू की शनिवार सुबह आगरा से विशेष सीआरएस ट्रेन धौलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और अलग-अलग विभागों की टीम ने निरीक्षण की तैयारी की। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर टीम का स्वागत किया गया। इसके बाद ई. श्रीनिवासन ने अधिकारियों के साथ जांच शुरू की। सबसे पहले धौलपुर स्टेशन के पैनल रूम में सिग्नल और ट्रेन संचालन की व्यवस्था देखी गई। फिर मोटर ट्रॉली से धौलपुर से घड़ी सांदरा तक ट्रैक, पुल-पुलियों, समपार फाटकों, सिग्नल प्रणाली, ट्रैक की गोलाई, लंबाई-चौड़ाई और गेज की जांच की गई। नरपुरा स्टेशन की संचालन और सुरक्षा व्यवस्था भी देखी गई। निरीक्षण के बाद विशेष ट्रेन से गति परीक्षण हुआ। लोको पायलट नाहर सिंह मीणा ने ट्रेन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई। सहायक लोको पायलट रवि कुमार उनके साथ थे। ट्रेन घड़ी सांदरा से दोपहर 3:32 बजे रवाना हुई और 18 मिनट बाद 3:50 बजे धौलपुर पहुंची। नाहर सिंह मीणा 2018 से 2023 तक इसी रेलखंड पर नैरोगेज ट्रेन चला चुके हैं। उन्होंने पहले इसी ट्रैक पर 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाई थी।