धौलपुर जिले की सैंपऊ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत झीलरा में बुधवार को सरपंच और वार्ड पंच चुनाव के दौरान चुनाव चिन्ह की सूची को लेकर विवाद हो गया। कुछ प्रत्याशियों के समर्थक मतदान केंद्र के अंदर पोलिंग पार्टी से भिड़ गए। इस दौरान चुनाव ड्यूटी पर तैनात सेक्रेटरी से मारपीट की गई और उनका चश्मा तोड़ दिया गया। पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार पोलिंग पार्टी ने चुनाव चिन्ह की सूची स्कूल के मुख्य गेट के बाहर लगाने के बजाय परिसर की दीवार पर चस्पा की थी। एक प्रत्याशी के समर्थक ने सूची की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। इस पर दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने आपत्ति जताई और हंगामा शुरू कर दिया। पोलिंग पार्टी पर मिलीभगत का आरोप लगाकर किया हंगामा उन्होंने फोटो शेयर करने वाले युवक को दूसरे प्रत्याशी का समर्थक बताया और पोलिंग पार्टी पर मिलीभगत का आरोप लगाया। इसके बाद समर्थक मतदान केंद्र के अंदर जमा हो गए और पोलिंग पार्टी से उलझने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने सेक्रेटरी से मारपीट की और उनका चश्मा तोड़ दिया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सेक्रेटरी को लोगों से बचाया। पुलिस ने संभाले हालात सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अमित शर्मा और डीएसपी मनोहर लाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से हटाया और मतदान केंद्र पर शांति कायम की। पुलिस अधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने बताया कि पोलिंग टीम ने सरपंच प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह की सूची स्कूल गेट के बाहर लगाने के बजाय परिसर में चस्पा की थी। सूची की फोटो वायरल होने के बाद गलतफहमी के चलते विवाद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।