धौलपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को धौलपुर, बाड़ी और सैंपऊ पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान को लेकर सोमवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों को रवाना किया गया। तीनों पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। EVM से होगी वोटिंग तीसरे चरण में कुल 426 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन केंद्रों पर 4 लाख 14 हजार 55 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान ईवीएम मशीनों के माध्यम से कराया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में 2020 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री और ईवीएम मशीनों के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।