धौलपुर पुलिस 1 से 7 नवंबर तक ‘BRICKS Sustainable Lifestyle Week’ मना रही है। अभियान के तहत पुलिसकर्मी सात दिनों में सात संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली का संदेश दे रहे हैं। कार्यक्रम में योग, साइकिल चलाना, जल और ऊर्जा बचाना, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, सफाई और ई-कचरे का सही निस्तारण शामिल है। आज ऊर्जा और जल संरक्षण के साथ टिकाऊ खाद्य प्रणाली अपनाने पर जोर रहेगा। पुलिसकर्मी बाजरा और पारंपरिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देंगे। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक, यातायात राजस्थान, जयपुर के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। इसका संचालन पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा की निगरानी में हो रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भैमराम शर्मा को जिला स्तर पर कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिले के सभी पुलिस थानों और कार्यालयों में तय थीम के अनुसार गतिविधियां हो रही हैं।