धौलपुर पुलिस ने पंचायत चुनाव और दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। पुलिस ने गांवों में पैदल फ्लैग मार्च किया और संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। रविवार सुबह जिलेभर में चार घंटे की नाकाबंदी कर वाहनों और लोगों की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर सैंपऊ और कौलारी थाना क्षेत्रों के गांवों में पुलिसकर्मियों ने फ्लैग मार्च किया। शहर में भी नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। पुलिस टीमें सखबारा, बहराबती, राजपुर, दौनारी, कौलारी, रजौरा खुर्द, झीलरा, भदियाना, खरगापुर, निधेरा खुर्द और निधेरा कलां पहुंचीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात की और बिना डर, दबाव या लालच के मतदान करने की अपील की। 4 घंटे की नाकाबंदी में की जांच पुलिस ने कहा कि मतदाताओं को डराने-धमकाने या चुनाव प्रक्रिया में रुकावट डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रविवार सुबह 5 से 9 बजे तक महानिरीक्षक पुलिस, भरतपुर रेंज और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में ए-श्रेणी की नाकाबंदी की गई। पंचायत चुनाव और दीपावली को देखते हुए संदिग्ध वाहनों, चालकों और लोगों की जांच की गई। कोतवाली, सदर और निहालगंज थानों की पुलिस ने सुबह 5 से 7 बजे तक औंडेला रोड चौकी और 7 से 9 बजे तक राजाखेड़ा बाइपास पर वाहनों की जांच की। यातायात नियम तोड़ने वाले दर्जनों वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव और त्योहारों के दौरान पैदल गश्त, वाहन जांच, नाकाबंदी और संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सीओ सैंपऊ मनोहर मीणा, कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा, सैंपऊ थाना प्रभारी अमित शर्मा और पुलिस व आरएसी के जवान मौजूद रहे।