चुनाव में बांटने ले जा रही अवैध शराब पकड़ीं धौलपुर में पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब बांटने की आशंका के बीच आंगई थाना पुलिस ने थार जीप में अवैध शराब की 3 पेटियां पकड़ीं। पुलिस की नाकाबंदी देखकर जीप सवार आरोपी वाहन छोड़कर भाग गए। थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चिलाचौंद से धोंध रोड की ओर थार जीप में अवैध शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी की। गाड़ी छोड़कर भाग गए बदमाश सामने से आ रही संदिग्ध थार जीप के ड्राइवर ने नाकाबंदी देखी और वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने जीप की तलाशी ली तो उसमें अवैध शराब की 3 पेटियां मिलीं। थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि शराब पंचायत चुनाव में बांटने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर थार जीप और शराब जब्त कर ली है। पुलिस मौके से भागे आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। चुनाव के दौरान अवैध शराब की तस्करी और मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर पुलिस निगरानी कर रही है।