धौलपुर में दीपावली नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। घरों और दुकानों को सजाने के लिए लोग दीपक, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजन सामग्री खरीद रहे हैं। इस बार मिट्टी के लक्ष्मी-गणेश और पारंपरिक दीपकों की मांग बढ़ी है। बाजार में चीन में बने सजावटी सामान और कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक दीपक भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद मिट्टी के दीपक और मूर्तियों के प्रति लोगों का आकर्षण बना हुआ है। कुम्हार प्रेम नारायण प्रजापति ने बताया कि धौलपुर जिले के बाजारों में चीन में बने सामान के साथ सजावटी दीपक और मूर्तियां भी मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीपक जलाने की परंपरा संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़ी है। प्रेम नारायण ने लोगों से दीपावली पर मिट्टी के दीपकों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में त्योहार मनाने के तरीके बदले हैं, लेकिन दीपावली की पहचान पुरानी परंपराओं में है। मिट्टी के दीपक खरीदने से स्थानीय कुम्हारों और उनके परिवारों को रोजगार भी मिलता है।