डीडवाना में रविवार को दो अलग-अलग जगह आग लगने से हड़कंप मच गया। झब्बर सिंह जी की ढाणी में खेत में रखे पूलों के ढेर और रीको औद्योगिक क्षेत्र में कबाड़ में आग लग गई। सूचना पर नगर परिषद की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से आसपास के घर और औद्योगिक प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आने से बच गए। दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। खेत में रखे पूले जलकर राख झब्बर सिंह जी की ढाणी में खेत या बाड़े में रखे पूलों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर डीडवाना नगर परिषद के अग्निशमन केंद्र से दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग आसपास के घरों तक नहीं फैली, लेकिन किसान के हजारों रुपए कीमत के पूले जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाकर प्रभावित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। रीको में कबाड़ के ढेर में लगी आग दूसरी घटना रीको औद्योगिक क्षेत्र की है, जहां कबाड़ के ढेर में आग लग गई। सूचना पर नगर परिषद की दो दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास स्थित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आने से बच गए और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने शुरू की जांच दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अग्निशमन कर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी लेकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों घटनाओं में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।