पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में मंगलवार को डीडवाना-कुचामन जिले की पांच पंचायत समितियों और 16 जिला परिषद वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 63.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। परबतसर पंचायत समिति में सर्वाधिक 66.28 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले, जबकि ईटावा बामनिया में सबसे कम 60.72 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। परबतसर में सबसे ज्यादा मतदान जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने बताया कि शाम 6 बजे तक ईटावा बामनिया पंचायत समिति में 60.72 प्रतिशत, मकराना में 64.34 प्रतिशत, नावां में 62.44 प्रतिशत, परबतसर में 66.28 प्रतिशत तथा पीलवा में 64.96 प्रतिशत मतदान हुआ। इस तरह परबतसर मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे रहा, जबकि ईटावा बामनिया में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अधिकारियों ने लिया जायजा जिले में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान, चुनाव पर्यवेक्षक कैलाश चंद्र यादव और उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया और केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले की पांचों पंचायत समितियों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।