पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों का जायजा लेने जिला चुनाव पर्यवेक्षक कैलाश चंद्र यादव ने बुधवार को डीडवाना की मकराना और ईटावा बामणियां पंचायत समिति क्षेत्रों की छह ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंच और सरपंच पदों के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और मतदाताओं के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों और चुनाव कर्मचारियों को नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छह ग्राम पंचायतों के केंद्रों का निरीक्षण यादव ने मकराना पंचायत समिति की कालवा बड़ा, मनाना और लोरोली ग्राम पंचायतों के नामांकन एवं मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद ईटावा बामणियां पंचायत समिति की मोड़ी चारणा, दाबड़िया और हुड़िया ग्राम पंचायतों के केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया की जानकारी ली। नामांकन प्रक्रिया तय समय में पूरी करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान जिला चुनाव पर्यवेक्षक ने नामांकन प्रक्रिया देखी और रिटर्निंग अधिकारियों व चुनाव कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नामांकन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी नहीं आए। मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं जांचीं यादव ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, साफ पेयजल, रैंप सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की उपलब्धता भी जांची। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करने को कहा। कानून-व्यवस्था और वीडियोग्राफी पर जोर नामांकन स्थलों और मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, वीडियोग्राफी और आदर्श आचार संहिता की पालना पर विशेष नजर रखने को कहा।