डीडवाना में ठगों ने दुकानों के असली QR कोड पर फर्जी QR स्टीकर चिपकाकर ग्राहकों का पेमेंट अपने खातों में भेजा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शहर की 6 से 7 दुकानों को निशाना बनाया। दुकानदारों के खातों में रकम नहीं पहुंचने पर ठगी का पता चला। दुकानदारों ने ग्राहकों की सुविधा के लिए दुकानों और काउंटरों पर डिजिटल पेमेंट के QR कोड लगाए थे। ठगों ने असली कोड के ऊपर उससे मिलता-जुलता फर्जी स्टीकर चिपका दिया। ग्राहक कोड स्कैन कर पेमेंट करते, तो रकम दुकानदार के बजाय ठगों के खातों में पहुंच जाती थी। शुरुआत में दुकानदारों को लगा कि नेटवर्क या सर्वर की तकनीकी दिक्कत के कारण पेमेंट नहीं आ रहा। लगातार ग्राहकों के पेमेंट करने के बाद भी रकम खाते में जमा नहीं हुई, तो दुकानदारों ने QR कोड जांचे। तब पता चला कि असली कोड के ऊपर दूसरा स्टीकर चिपकाया गया था। स्थानीय पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और दुकानदारों से जानकारी ली। पुलिस आसपास की दुकानों के CCTV फुटेज देख रही है, ताकि स्टीकर चिपकाने वालों की पहचान हो सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।