डीडवाना के पास सेवा गांव स्थित पाबूजी राठौड़ सेवा धाम में 108 कुंडीय रुद्र महायज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान चल रहा है। यह आयोजन 27 अक्टूबर को शुरू हुआ था और 4 नवंबर को इसका समापन होगा। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु यज्ञ में शामिल हो रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार, अनुष्ठान सीताराम दास महाराज के सानिध्य में हो रहा है। ग्रामीणों की देखरेख में रोजाना 108 यजमान जोड़े यज्ञवेदी पर बैठकर वैदिक मंत्रों के बीच आहुतियां दे रहे हैं। वे विश्व शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना कर रहे हैं। यज्ञ के साथ रात में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। इनमें रामायण और महाभारत पर आधारित नाटकों का मंचन किया जा रहा है। इन्हें देखने के लिए सेवा गांव और आसपास के इलाकों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। समिति ने बताया कि 4 नवंबर को महायज्ञ का समापन होगा। समिति ने श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।