भजनों की मधुर स्वर लहरियां, हजारों दर्शकों का उत्साह और लक्ष्मण मैदान में गूंजते भक्ति संगीत के सुर... शहर के दीपावली मेले की सांस्कृतिक संध्या यादगार बन गई। नगर परिषद की ओर से आयोजित मेले में प्रसिद्ध भजन गायक प्रेमशंकर जाट और सुर लहरी के नाम से मशहूर एंकर एवं सिंगर दिलीप जोशी की प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा मैदान भक्तिरस में डूब गया। भजनों की धुन पर दर्शक देर तक झूमते रहे। नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। लक्ष्मण मैदान में आयोजित इस भजन संध्या में प्रेम शंकर जाट ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच से गूंजते भक्ति गीतों के साथ दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता गया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भजनों पर झूमकर कार्यक्रम का आनंद लिया। मैदान में हर तरफ उल्लास और उमंग का माहौल नजर आया। डूंगरपुर की खूबसूरती की जमकर सराहना की कार्यक्रम में सुर लहरी दिलीप जोशी ने भी अपनी मधुर आवाज और शानदार भजनों से श्रोताओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। वहीं सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हितेश ठाकर, का सम्मान किया गया। उन्होंने खुले मंच से डूंगरपुर की खूबसूरती, यहां के लोगों के प्रेम और अपनापन की जमकर सराहना की। उन्होंने गुजरात के लोगों को भी डूंगरपुर आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि राजस्थान का यह खूबसूरत शहर गुजरात के बेहद करीब है। यहां के लोगों का प्रेम और अपनापन ऐसा है कि गुजरात से लोग सीधे डूंगरपुर आएंगे।केके गुप्ता ने कहा कि यह दीपावली मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि डूंगरपुर की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और आपसी प्रेम का उत्सव बनता जा रहा है। शहर के अपने कलाकारों और संस्कृति को मंच मिलने से मेले की रौनक लगातार बढ़ रही है।