डूंगरपुर में लक्ष्मण मैदान में नगर परिषद की ओर से आयोजित दीपावली मेले में सोमवार रात आर्केस्ट्रा और सूफी नाइट के नाम रही। मुंबई के कलाकारों की म्यूजिक धुनों और फिल्मी गानों पर युवा देर रात तक थिरकते रहे। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे मेले में संगीत की धुनों ने ऐसा समां बांधा कि शहरवासी रोमांचित हो उठे। वहीं, मेले में खरीदारी और झूलों का आनंद लेने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ी। देर रात तक झूमे लोग: कार्यक्रम की शुरुआत में नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता और भाजपा जिला महामंत्री पंकज जैन ने मुंबई से आए आर्केस्ट्रा कलाकारों का स्वागत किया। इसके बाद म्यूजिक नाइट का आगाज हुआ। कलाकारों ने फिल्मी और बॉलीवुड गानों की प्रस्तुतियां दीं। संगीत की धुनों पर युवा झूमने लगे, वहीं दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। देर रात तक चले कार्यक्रम में लोगों ने संगीत का भरपूर आनंद लिया। खरीदारी और झूलों का भी रोमांच: दीपावली मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खरीदारी का उत्साह भी नजर आया। लोगों ने घरेलू जरूरतों के सामान खरीदे, वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन सहित विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी की। मेले में अलग-अलग वैरायटी के झूले बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रंग-बिरंगी लाइटिंग, दुकानों की रौनक और मनोरंजन के इंतजामों के बीच लक्ष्मण मैदान में दीपावली मेले की रौनक लगातार बढ़ रही है।