डूंगरपुर में भारतीय किसान संघ ने जिले की छह तहसीलों को अभावग्रस्त घोषित नहीं किए जाने के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। संघ ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर इन तहसीलों के किसानों को राहत देने की मांग की। संघ के जिला प्रवक्ता लल्लूराम ने बताया कि इस साल खरीफ फसल के दौरान जिले में औसत से कम बारिश हुई। उनके मुताबिक, सोयाबीन, मक्का और धान की फसल को 50 से 70 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। लल्लूराम ने कहा कि चिखली, साबला, बिछीवाड़ा, गामड़ी आहाड़ा, डूंगरपुर और दोवड़ा तहसीलों के राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों, गिरदावरों और पटवारियों ने समय पर गिरदावरी रिपोर्ट नहीं भेजी। इसके चलते इन तहसीलों के हजारों किसान फसल नुकसान की राशि से वंचित रह गए। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह राज्य सरकार ने जिले की सात तहसीलों के किसानों को फसल नुकसान की राशि देने का आदेश जारी किया था, जबकि बाकी तहसीलों को इसमें शामिल नहीं किया गया। ज्ञापन में वंचित तहसीलों को अभावग्रस्त घोषित कर किसानों को राहत देने और वर्ष 2025-26 की बकाया फसल नुकसान राशि जल्द खातों में जमा कराने की मांग की गई।